बगीचे में मिला युवक का अधजला शव

रामपुर बघेलान की बेला चौकी क्षेत्र की घटना

नवभारत न्यूज

सतना . जिले के रामपुर बघेलान थाने की बेला चौकी क्षेत्र अंतर्गत बेला बैरपार में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने बगीचे में एक युवक का अधजला शव पड़ा देखा. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरु कर दी गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह जब बेला बैरपार बस्ती के कुछ रहवासी खेत से सटे बगीचे की ओर गए तो वहां पर एक युवक का अधजला शव पड़ा देखा. वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. लिहाजा आनन-फानन में घटना की सूचना अन्य ग्रामीणों सहित पुलिस को दी गई. घटना की सूचना मिलने पर बेला चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरु की. स्थानीय लोगों के जरिए मृतक की पहचान प्यारेलाल केवट पिता छोटेलाल उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम बैजनाथ थाना चोरहटा जिला रीवा के तौर पर हुई. वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी भी पुलिस बल और डाग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंच गए. इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया. घटनास्थल और आस पास के क्षेत्र का बारीकी से मुयाअना करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए. जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. वहीं घटना की जानकारी क्षेत्र में आग की तरह फैल गई. जिसके चलते वहां पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई.

बगल में है मृतक का खेत

पुलिस द्वारा जब ग्रामीणों से पूछताछ शुरु की गई कि जिस स्थान पर प्यारेलाल का अधजला शव मिला उसके बगल में ही उसका खेत भी मौजूद है. पुलिस के अलुसार डाग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए कुछ संकेत मिले हैं. जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

सडक़ दुर्घटना में एसडीएम की पत्नी घायल

Tue Feb 18 , 2025
रीवा के निजी अस्पताल में इलाज जारी नवभारत न्यूज सतना . मैहर एसडीएम की पत्नी सोमवार को उस वक्त सडक़ हादसे में घायल हो गईं जब वे रीवा से मैहर की ओर जा रही थीं. उन्हें इलाज के लिए रीवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां […]

You May Like