टोरंटो 18 जून (वार्ता) हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर चुके कनाडा के कप्तान अल्फोंसो डेविस गुरुवार को कतर के खिलाफ मैच में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
कनाडा फुटबॉल टीम के मुख्य कोच जेसी मार्श ने बुधवार को यह जानकारी दी। हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के दौरान अल्फोंसो डेविस अपनी टीम के विश्व कप के पहले मैच में नहीं खेल पाए थे। पिछले महीने चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में बायर्न म्यूनिख के लिए खेलते समय लेफ्ट बैक डेविस चोटिल हो गए थे । इस सप्ताह की शुरुआत में एक खुले अभ्यास सत्र में, डेविस सीमित अभ्यास में ही शामिल हुए और अभी भी वापसी के प्रोटोकॉल का पालन कर रहे थे।
मार्श ने कहा, “वह इस सप्ताह प्रशिक्षण में रहे हैं, और वह कल उपलब्ध रहेंगे, हम देखेंगे कि मैच कैसा रहता है तथा फिर हम यह तय करेंगे कि हम उनका उपयोग कैसे करना चाहेंगे। हमने इस मामले में बहुत अच्छे से काम किया है, और अल्फोंसो बहुत अच्छा दिख रहा है। तो बात सिर्फ इतनी सी है कि वह ठीक है और कल के मैच के लिए उपलब्ध रहेगा।”

