
रीवा के निजी अस्पताल में इलाज जारी
नवभारत न्यूज
सतना . मैहर एसडीएम की पत्नी सोमवार को उस वक्त सडक़ हादसे में घायल हो गईं जब वे रीवा से मैहर की ओर जा रही थीं. उन्हें इलाज के लिए रीवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां पर उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम मैहर विकास सिंह की धर्मपत्नी दीपिका सिंह सोमवार को इनोवा वाहन क्र. एमपी 19 टी 4812 में सवार होकर रीवा से मैहर जाने के लिए निकली थीं. बताया गया कि वाहन जैसे ही बेला अमरपाटन तिराहे पर पहुंचा वैसे ही आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने अचानक अपने वाहन को मोड़ दिया. ट्रक चालक द्वारा अचानक मोड़ दिए जाने के चलते इनोवा वाहन के चालक ने टक्कर से बचने के लिए अपने वाहन को मोड़ दिया. लेकिन तभी अचानक सामने डिवाइडर आ गया. जिसके चलते इनोवा वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया. इस घटना के चलते वाहन में सवार एसडीएम की पत्नी बुरी तरह चोटिल हो गईं. वहीं दूसरी ओर घटना के चलते मार्ग से गुजर रहे वाहनों के पहिए थम गए. जिसके चलते देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में घायल एसडीएम की पत्नी को इलाज के लिए रीवा भेजा गया. मार्ग पर जाम लग जाने के कारण एंबुलेंस को रीवा भेजने में भी पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी. रीवा में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरु किया गया. बताया गया कि दुर्घटना के चलते उनके पैर में फ्रैक्चर और चहरे पर भी चोट लगी हैं. उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई.
खतरनाक मोड़
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फौरन सक्रिय हो गई और आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की गई. गौरतलब है कि जिस डिवाइडर से इनोवा वाहन की टक्कर हुई वहीं से रीवा-मैहर और रीवा-सतना की ओर जाने वाले मार्ग विभक्त होते हैं. लेकिन उक्त स्थान पर बिना किसी साइन बोर्ड के डिवाइडर के जरिए मार्ग को बांट दिया गया है. जिसके चलते सतना की ओर जाने वाले वाहनों को अचानक ही बाएं से दाईं ओर मुडऩा होता है. लिहाजा पीछे चल रहे तेज रफ्तार वाहनों से उनके टक्कर होने की संभावना हर समय बनी रहती है.
