
गुना। आरआरबी नगर में राष्ट्रकवि डॉ. मैथिलीशरण गुप्त की 139वीं जयंती सादगी और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमिताभ मिश्र रहे। उन्होंने वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और राष्ट्रकवि गुप्त के साहित्यिक योगदान व महात्मा गांधी द्वारा प्रदत्त राष्ट्रकवि की उपाधि पर प्रकाश डाला।
मिश्र ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक आयोजनों में दिखावे से बचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सादगी से किए गए आयोजनों से बचे संसाधनों का उपयोग उपेक्षित वर्ग के उत्थान में किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, प्रवीण्य सूची के छात्रों सहित समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान हुआ। विजय गुप्ता ने भवन निर्माण हेतु एक लाख रुपये देने की घोषणा की। सुश्री शैलजा गुप्ता ने भी बच्चों के स्वावलंबन पर बल दिया। परशुराम फाउंडेशन द्वारा छात्रवृत्ति व आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
