किसानों को 10 घंटे से कम बिजली, अधिकारियों पर दंड की मांग

जबलपुर। भारत कृषक समाज महाकौशल के अध्यक्ष इंजी. के. के. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर किसानों को कृषि कार्य हेतु निर्धारित 10 घंटे की निरंतर बिजली आपूर्ति न मिलने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को 10 घंटे निर्वाध विद्युत आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन हकीकत में कई क्षेत्रों में किसानों को केवल 4 से 6 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। ट्रिपिंग, वोल्टेज की समस्या, बार-बार कटौती और ट्रांसफार्मर खराब होने जैसी समस्याओं से किसान बेहद परेशान हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने पर किसानों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और कई बार महीनों तक भी बदलाव नहीं होता। अग्रवाल ने कहा कि खंभों और लाइनों की स्थिति भी दयनीय है, जिसके समाचार नियमित रूप से अखबारों में प्रकाशित होते रहते हैं। किसानों ने कई बार ज्ञापन और बैठकों के माध्यम से अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन किसी स्तर पर कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस स्थिति की जांच उच्च स्तरीय समिति से कराई जाए और जो अधिकारी किसानों को 10 घंटे से कम बिजली आपूर्ति कर रहे हैं, उन पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान सुनिश्चित किया जाए। यह पत्र मुख्यमंत्री के साथ-साथ विद्युत नियामक आयोग, विद्युत वितरण कंपनी, कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों को भी भेजा गया है।

Next Post

मंत्री उइके का हुआ आगमन, आज कार्यक्रम में होंगी शामिल

Fri Nov 7 , 2025
जबलपुर। लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके शुक्रवार 7 नवम्‍बर को प्रात: 9.30 बजे यहां कलेक्‍टर कार्यालय में वन्‍दे मातरम् कार्यक्रम में शामिल होंगी। श्रीमती उइके का गुरूवार रात 10.30 बजे मंडला से कार द्वारा जबलपुर आगमन हुआ। आज सुबह 9.30 बजे कलेक्‍ट्रेट में वन्‍दे मातरम् कार्यक्रम में शामिल […]

You May Like