जबलपुर: लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे फायरिंग करने वाले 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश कुनाल पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रानीताल श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से पिस्टल, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे कुनाल पटेल अपने साथी शनि के साथ बाइक से रानीताल गेट नंबर-1 के पास पहुंचा था। यहां होटल मैनेजर शिवम अग्रवाल से कमरा नहीं देने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कुनाल ने कथित तौर पर तीन बार फायरिंग की और मौके से फरार हो गया।
मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पूछताछ में कुनाल ने पिस्टल और कारतूस छोटू चौबे द्वारा देने की बात पुलिस को बताई है। पुलिस के अनुसार, कुनाल के खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट, जुआ एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 6 मामले दर्ज हैं। वहीं, छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे को पुलिस ने करीब दो महीने पहले NSA के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध किया है।
