नाले में गिरने से युवक की मौत

जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत मड़ई में रविवार को शराब के नशे में धुत्त युवक की व्हीकल स्टेट के एक गहरे और सूखे नाले में गिरने से मौत हो गई। मृतक पूर्व में गंभीर बीमारी से जूझ चुका था और नागपुर में उसका ऑपरेशन भी हुआ था, इसके बावजूद उसने शराब पीना नहीं छोड़ा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुग्ध संघ सहकारी समिति करौंदा बायपास में कार्यरत सरोज केवट (58) निवासी मड़ई ने पुलिस केा बताया कि रविवार सुबह करीब 10:30 बजे उनके बेटे प्रवीण उर्फ पम्मी केवट (33) के हाथ से अचानक मोबाइल गिर गया था। इस पर उन्होंने बेटे को थोड़ा डांट दिया था। माँ की डांट से नाराज होकर प्रवीण नहाया, घर में पानी भरा और बिना खाना खाए ही गुस्से में बाहर रोड की तरफ चला गया। मकान मालिक की बेटी मेडिकल अस्पताल में भर्ती थी जिसे देखने के लिए सरोज केवट घर से निकली थीं।

वह जैसे ही तीन पत्ती चौक के पास पहुँचीं, तभी मकान मालिक की बेटी ने उन्हें फोन कर बताया कि पम्मी भैया दौलत किराना के सामने नाले में पड़े हुए हैं। सरोज तुरंत मौके पर पहुँचीं, जहाँ व्हीकल स्टेट के सूखे और गहरे नाले में उनके बेटे प्रवीण का शव पड़ा हुआ था। नाले के आस-पास दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि प्रवीण काफी देर से अत्यधिक शराब पीकर नाले के किनारे ही लेटा हुआ था। उसने वहां मौजूद लोगों से पीने के लिए पानी मांगा था, जिस पर दुकानदारों ने उसे पानी भी पिलाया था। लेकिन अत्यधिक नशे में होने के कारण वह कब अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिर गया, यह कोई देख नहीं पाया।

परिजनों ने बताया कि प्रवीण को बेहद खतरनाक स्तर पर शराब पीने की लत थी। इसी आदत के चलते वर्ष 2016 में उसकी पत्नी उसे छोडक़र हमेशा के लिए अपने मायके चली गई थी। कोरोना काल के दौरान अत्यधिक शराब के सेवन से प्रवीण के पेट की आंतें पूरी तरह खराब हो गई थीं, जिसके इलाज के लिए उसे नागपुर ले जाया गया था, जहाँ उसका एक बड़ा ऑपरेशन हुआ था। डॉक्टरों की सख्त मनाही के बाद भी उसने शराब पीना बंद नहीं किया था और दिनभर नशे में यहाँ-वहाँ घूमता रहता था

Next Post

पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

Mon Jun 29 , 2026
इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र की डायमंड कॉलोनी में ड्यूटी के दौरान दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों से घटना में प्रयोग हथियार भी बरामद किया है. अब पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे घटना में शामिल अन्य लोगों के […]

You May Like