इंदौर: सिमरोल क्षेत्र में ब्रेकर से उछली बाइक से गिरने पर एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई. ब्रेकर पार करते समय संतुलन बिगड़ने से महिला सड़क पर गिर पड़ी, जिससे उसकी जान चली गई.मृतका की पहचान 65 वर्षीय रामकली पति जावर निवासी ग्राम मंडल सिमरोल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रामकली अपने एक रिश्तेदार युवक के साथ बाइक पर पीछे बैठकर जा रही थीं.
इसी दौरान सिमरोल क्षेत्र में सड़क पर बने ऊंचे ब्रेकर से गुजरते समय बाइक उछल गई. अचानक झटके से पीछे बैठी रामकली संतुलन नहीं बना सकीं और सीधे सड़क पर गिर पड़ीं. गिरते समय उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी हालत मौके पर ही बिगड़ गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है
