कुं.चैनसिंह के नाम होगा नपा का ऑडिटोरियम

सीहोर। नपा परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े 37 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा के बाद निर्णय लिए गए. बैठक में सड़क निर्माण, सीसी रोड़, डिवाइडर, पोल, भवन निर्माण सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. वहीं शहर की ऐतिहासिक एवं सामाजिक विरासत को सम्मान देने वाले दो महत्वपूर्ण नामकरण प्रस्ताव भी पारित किए गए.

परिषद ने नपा के ऑडिटोरियम का नाम वीर शिरोमणि चैन सिंह ऑडिटोरियम किए जाने पर सहमति जताई. नामकरण के माध्यम से आने वाली पीढिय़ों को भी वीर शिरोमणि चैन सिंह के शौर्य, साहस और देशभक्ति से परिचित कराने का प्रयास किया गया है. वहीं बाल विहार ग्राउंड का नाम स्वर्गीय दादाभाई शिवलाल सिंह चौहान के नाम पर किए जाने का निर्णय लिया गया.

बैठक में वार्ड 14 फॉरेस्ट कॉलोनी के पास नवीन अंबेडकर मंगल भवन के निर्माण के लिए 62.51 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव पर विचार किया गया. भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक सीसी कार्य तथा शुगर फैक्ट्री चौराहा से लुनिया चौराहा तक सीसी रोड़, डिवाइडर एवं पोल कार्य के पुनरीक्षित प्राक्कलन की 4.99 करोड़ रुपए की राशि के प्रस्ताव पर चर्चा हुई.

शुगर फैक्ट्री चौराहा से तहसील चौराहा तक सीसी रोड़, डिवाइडर एवं पोल कार्य के लिए 3.39 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया. इसके अलावा मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत वार्ड 28 में संघ कार्यालय के सामने नदी चौराहा पर महिला मार्केट निर्माण के लिए करीब 1.35 करोड़ रुपये की लागत से संबंधित निविदा प्रक्रिया पर भी परिषद ने चर्चा की.

नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि शहर का विकास परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है. बैठक में शहर के विकास से जुड़े अनेक कार्यों को गति देने के निर्णय लिए गए हैं. सड़क, भवन, डिवाइडर और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शहर की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगे. उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी ऐतिहासिक विरासत और महान विभूतियों का सम्मान करना भी हमारी जिम्मेदारी है.

 

 

Next Post

मेट्रो निर्माण के बीच डिपो चौराहे पर सड़क पर बहा पानी, फिसलकर गिरा युवक

Wed Aug 12 , 2026
भोपाल। डिपो चौराहे पर बारिश के बाद सड़क पर नदी जैसे हालात बन गए। निर्माणाधीन मेट्रो पिलर के आसपास बारिश का पानी जमा होने के बाद इसे निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी सीधे सड़क पर छोड़ दिया गया। इससे सड़क पर तेज बहाव और फिसलन की स्थिति […]

You May Like