कोझिकोड में यूडीएफ की विजय जुलूस के दौरान हुए विस्फोट में दो युवकों की मौत

कोझिकोड, (वार्ता) केरल के कोझिकोड में शनिवार शाम को स्थानीय निकाय चुनावों से संबंधित विजय यात्रा के दौरान बालुस्सेरी और मलप्पुरम जिले के चेरुकावु में अलग-अलग घटनाओं में स्कूटर विस्फोटों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) के दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई।

बालुस्सेरी के पास मदाथुम्पाडी में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) की विजय यात्रा के दौरान एक स्कूटर में विस्फोट होने से एक युवा कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत हो गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप (30) के रूप में हुई है। विस्फोट में उसका एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना लगभग 1900 बजे हुई, जब पनागड़ ग्राम पंचायत के दूसरे वार्ड से देवानंद की जीत के बाद यूडीएफ द्वारा विजय यात्रा निकाली जा रही थी।

प्रथम दृष्टया संदेह है कि स्कूटर की सीट के नीचे रखे पटाखों के कारण विस्फोट हुआ। दमकलकर्मी और बालुस्सेरी पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया।

एक अन्य घटना में, उसी शाम मलप्पुरम जिले के कोंडोट्टी के चेरुकावु ग्राम पंचायत के पेरियाम्बलम में, आईयूएमएल कार्यकर्ता इरशाद (27), जो पेरियाम्बलम निवासी मोइदीन कुट्टी के पुत्र थे, की स्कूटर के आगे रखे पटाखों के फटने से मौत हो गई। यूडीएफ के विजयोत्सव के दौरान स्कूटर के पास अन्य लोगों द्वारा दागे गए पटाखों की लपटों से उनके स्कूटर पर रखे पटाखे प्रज्वलित हो गए।

इरशाद स्कूटर पर बैठे हुए गंभीर रूप से घायल हो गए। यूडीएफ कार्यकर्ताओं ने उन्हें केएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Next Post

अमेरिका के ब्राउन विश्वविद्यालय में गोलीबारी, दो की मौत

Sun Dec 14 , 2025
न्यूयॉर्क, 14 दिसंबर (वार्ता) अमेरिका के रोड आइलैंड राज्य में प्रोविडेंस के ब्राउन विश्वविद्यालय में शनिवार को अपराह्न में गोलीबारी में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। प्रोविडेंस पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, “ब्राउन यूनिवर्सिटी के इलाके में कई […]

You May Like