पानीपत रिफाइनरी को मिला अंतर्राष्ट्रीय सर्टिफिकेशन, 2027 से जेट फ्यूल में 1% बायोफ्यूल होगा अनिवार्य।
नई दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता): अब तक कचरे में फेंका जाने वाला इस्तेमाल किया हुआ खाना पकाने का तेल जल्द ही विमानों को ऊर्जा देगा। सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने अपनी पानीपत रिफाइनरी में इस्तेमाल किए गए तेल से सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) बनाने का अंतर्राष्ट्रीय सर्टिफिकेशन हासिल कर लिया है। यह उपलब्धि पाने वाली यह देश की पहली कंपनी है।
इस पहल से विमानन क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन को कम करने में मदद मिलेगी। भारत सरकार ने 2027 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बेचे जाने वाले जेट फ्यूल में 1% SAF मिश्रण को अनिवार्य कर दिया है। IOC बड़े होटल, रेस्तरां और मिठाई बनाने वाली कंपनियों से इस तेल को इकट्ठा करेगा। कंपनी साल के अंत तक सालाना 35,000 टन SAF का उत्पादन शुरू कर देगी।

