
दो का संजय गांधी अस्पताल में चल रहा उपचार, मंगलवार की देर रात हुआ हादसा
नवभारत न्यूज
रीवा, 26 मार्च, रीवा जिले के गोविन्दगढ़ थाना अन्तर्गत अमिलकी में एक तेज रफ्तार कार पुल से टकराकर नहर में गिर गई. इस भीषण सडक़ हादसे में तीन युवको की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि दो गंभीर रूप से घायल है, जिन्हे उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल भिजवाया. देर रात हुए इस हादसे के शिकार सभी युवक रीवा के बताये गये है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात यह हादसा हुआ. कार क्रमांक एमपी 17 सीडी 0160 में सवार पांच युवक गोविन्दगढ़ जा रहे थे, अमिलकी गांव के पास नहर पर पुलिया निर्माण का काम चल रहा है जहा मार्ग डायवर्ट किया गया था लेकिन कार सीधे पुल से टकराकर नहर में गिर गई. जहा तीन युवको की मौत हो गई, जबकि दो को घायल अवस्था में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया. चिकित्सको ने बताया कि कृष खटिक पिता हजारीलाल खटिक 19 वर्ष निवासी मलियान टोला की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि राजीव खटिक पिता विनोद खटिया 17 वर्ष निवासी चिकान टोला और राज खटिक पिता राजेश खटिक 24 वर्ष निवासी प्रकाश चौराहा की उपचार के दौरान मौत हुई है. जबकि दो गंभीर रूप से घायल है जिनका उपचार किया जा रहा है. हादसे की जानकारी होते ही मौके पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगो की मदद से सभी घायलो को बाहर निकाला गया. तत्काल उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया. सुबह पीएम के बाद शव परिजनो को सौप दिया गया. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे की खबर लगते ही पूरे मोहल्ले में मातम छा गया. सभी दोस्त गाड़ी में सवार होकर गोविन्दगढ़ जा रहे थे पर यह किसी को नही मालूम था कि हादसे का शिकार हो जायेगे. परिवारजनो का रो-रो कर बुरा हाल है. एक साथ जब शव मुक्ति धाम पहुंचा तो सभी की आंखे नम हो गई.
