नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) सरकार की150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 1731 परियोजनाओं के काम में मजबूत प्रगति हो रही है जिन पर लागत का 48 प्रतिशत से अधिक व्यय हो चुका है और इनमें से बड़ी संख्या में परियोजनाएं परिवहन और लॉजिस्टिक्स सुविधा विकास से जुड़ी हैं।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि विभाग पैमाना पोर्टल के अंतर्गत अगस्त के अंत में अवसंरचना विकास से जुड़ी ऐसी कुल 33.60 लाख करोड़ रुपये की लागत की 1,731 परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी कर रहा था। इन पर अब तक कुल 16.33 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जो इनकी संशोधित लागत का लगभग 48.59 प्रतिशत है।
मंत्रालय का मानना है कि व्यय का अनुपात यह इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में लगातार हो रही प्रगति को दिखाता है। इनमें से काफी संख्या में परियोजनाओं का काम काफी आगे पहुंच चुका हैं। 647 परियोजनाओं( करीब 38 प्रतिशत ) में भौतिक रूप से 80 प्रतिशत से अधिक प्रगति हो चुकी है , जबकि 312 ( करीब 18 प्रतिशत ) परियोजनाएं वित्तीय तौर पर 80 प्रतिशत से ज़्यादा पूरी हो चुकी हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार इन सभी परियोजनओं में ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में सबसे ज़्यादा (1191) परियोजनाएं हैं। इनकी संशोधित लागत 16.05 लाख करोड़ रुपये है, जो संपर्क सुविधाओं पर आधारित अवसंरचना विकास को दी जा रही प्राथमिकता को दिखाता है।
