पीड़िता को दी जान से मारने की धमकी
इंदौर:लसूड़िया थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक महिला से 7.5 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है. आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत पीड़िता को धोखे में रखकर ठगी की और जब उसने अपने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई.लसूड़िया पुलिस के अनुसार मेधा उपाध्याय नामक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि सागर गोगड़े, बसंत गोगड़े और सावित्री गोगड़े सभी निवासी स्कीम 114, विजय नगर ने उसे शादी का झांसा देकर ठगा.
आरोप है कि सागर गोगडे ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर पीड़िता को बहला-फुसलाकर 7.5 लाख रुपए नकद ले लिए और जब उसने अपनी राशि वापस मांगने की कोशिश की, तो आरोपीगणों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए और मिलने से इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, जब पीड़िता ने अपने पैसे लौटाने की मांग की, तो सागर गोगडे और उसके माता-पिता ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश कर रही है.
