मध्यप्रदेश में ‘निरोगी काया अभियान’ 31 मार्च तक चलेगा

भोपाल, 21 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश में असंचारी रोगों की स्क्रीनिंग के लिए ‘निरोगी काया अभियान’ 31 मार्च तक चलेगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत प्रदेश में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की मधुमेह, उच्च रक्तचाप और नॉन अल्कोहलिक फैटी लीवर डिजीज स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही पीड़ित पाए जाने पर नि:शुल्क उपचार दिया जाएगा।
मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन श्रीमती सलोनी सिडाना ने कल भोपाल के प्रियदर्शनी मुख्यमंत्री संजीवनी केंद्र में हितग्राहियों से बात कर अभियान के तहत दी जा रही सेवाओं का फीडबैक लिया। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं से समुदाय स्तर पर दी जा रही एनसीडी सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान हेतु लक्षित शत प्रतिशत नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए। अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए राज्य, जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा संस्थाओं और फील्ड पर जाकर समीक्षा की जा रही है।
इस अभियान के दौरान नए मरीजों की पहचान के लिए आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर सीबैक फॉर्म में जानकारी इकट्ठे की जा रही है। सीबैक फॉर्म से प्राप्त जानकारी के आधार पर असंचारी रोग स्क्रीनिंग और पंजीयन किया जाएगा। लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न बीमारियों के लक्षण, उससे बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी दी जायेगी। इसके साथ ही लोगों को संतुलित आहार, बेहतर खानपान, नियमित योग, प्राणायाम और व्यायाम करने की सलाह भी दी जाएगी।

Next Post

उपभोक्ता फोरम ने डॉक्टर पर लगाया हर्जाना

Fri Feb 21 , 2025
शहडोल, 21 फ़रवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के जिला उपभोक्ता फोरम ने एक मरीज को हुई तकलीफ के मामले में एक चिकित्सक को 35 हजार रुपये का हर्जाना देने का आदेश दिया है। उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष उपेंद्र कुमार सोनकर एवम सदस्य डॉ तृप्ति शास्त्री ने वर्षा नामदेव विरुद्ध मुख्य चिकित्सा अधिकारी […]

You May Like