नयी दिल्ली, 07 जनवरी (वार्ता) नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अब काली-पीली पट्टी वाली टैक्सी चालकों को 1180 रुपये की जगह 400 रुपये और ऑटो रिक्शा चालकों को 708 रुपये के स्थान पर 200 रुपये पार्किंग शुल्क देना पड़ेगा।
यह घोषणा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को की। श्री वैष्णव ने आज नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कुलियों और ऑटो-कैब चालको से मुलाकात कर उनकी समस्यायें सुनी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
इस दौरान दिल्ली मंडल कुली यूनियन ने छह मांग और दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ ने पांच मांगों को लेकर श्री वैष्णव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ऑटो चालकों ने काली-पीली पट्टी वाली टैक्सियों और ऑटो रिक्शा की पार्किंग के शुल्क को कम करने की मांग रखी थी, जिसे श्री वैष्णव ने तुरंत स्वीकार कर लिया और चार अन्य मांगों को भी जल्द ही पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, निगम पार्षद संदीप कपूर, दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के महामंत्री राजेन्द्र सोनी, ऑटो चालक रोहताश कुमार, श्री कालू राम मीणा, ऋषि पाल, संदीप कुमार अरोड़ा, सत्येन्द्र झाम और लाल बहादुर और अन्य लोग उपस्थित थे।
इस दौरान ऑटो चालकों ने उनसे रेलवे स्टेशन परिसर में प्रवेश करने पर निजी ठेकेदारों द्वारा प्रवेश शुल्क वसूलने को रोकने, सभी ऑटो चालकों को सर्दी और बारिश से बचने के लिये आराम घर बनवाने, ऑटो चालकों को उनके पुरानी जगह दोबारा दिलाने और रेलवे संरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा ऑटो चालकों को परेशान करने से रोकने की मांग की।
वहीं, कुली यूनियन ने अपनी छह मांगों में मुख्य रूप से रेलवे द्वारा कुलियों की संतानों को भी रेलवे पास दो बार मुफ्त यात्रा करने के लिये, कुलियों के इलाज के लिये रेलवे के अस्पताल में सुविधा, कुलियों के लिये आराम घर बनवाना, एक वर्ष में दो बार समय पर वर्दी दिलवाने और अगर किसी कुली की मृत्यु रेलवे स्टेशन पर होती है तो रेलवे प्रशासन द्वारा 15-20 रुपये की जीवन बीमा सुविधा देने जैसी मांग शामिल है।
श्री वैष्णव ने कुली यूनियन और ऑटो रिक्शा चालकों की मांगों को तुरंत पूरा करने का अश्वासन दिया और साथ ही ऑटो रिक्शा पार्किंग शुल्क को 708 रुपये से घटकर 200 रुपये और काली-पीली पट्टी वाली टैक्सियों के लिये पार्किंग शुल्क 1180 रुपये से 400 रुपये करने का एलान किया और यह तुरंत प्रभाव से लागू करने की भी बात कही।
