रीवा: शहर में कई स्थानों पर देवी मां की प्रतिमाएं स्थापित करके नवदुर्गा उत्सव हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है. 9 दिवसीय नवरात्रि का समापन 02 अक्टूबर विजयादशमी को होगा. इस दिन पूजा-अर्चना के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान और निगम आयुक्त डॉ0 सौरभ सोनवणे ने साथ में शहर के निर्धारित विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया. वहां चल रहे तैयारियों का जायजा लिया.
रीवा शहर में छतुरिहा घाट, करहिया घाट क्रमांक 01 एवं क्रमांक 02 में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. इनके अतिरिक्त अन्य स्थानों पर प्रतिमाओं के विसर्जन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. निरीक्षण के समय अधिकारियों को निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक श्री चौहान ने कहा कि तीनों प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, प्रकाश, वाहन पार्किंग, बैरिकेडिंग आदि की समुचित व्यवस्था रहे. नदी में वर्तमान में तेज जल प्रवाह है.
श्रद्धालुओं को सुरक्षित दूरी से प्रतिमाओं का विसर्जन कराएं. अन्य प्रतिबंधित घाटों में मोबाइल पैट्रोलिंग करते हुए अनाउंस करें एवं सुरक्षा चाकचैबंद रखे जिससे प्रतिबंधित घाटों पर विसर्जन न हो सके. विसर्जन स्थलों में पर्याप्त पुलिस बल एनडीआरएफ की टीम, गोताखोर तथा नगर निगम के कर्मचारी तैनात रहेंगे. निगम आयुक्त ने छतुरिहा घाट के पास सीवर के कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए.
उन्होंने घाट की संपूर्ण व्यवस्था 2 दिवस में पूर्ण के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सामान्य मूर्ति छतुरिहा एवं करहिया घाट क्रमांक 01 में विसर्जित कराएं एवं बड़ी मूर्तियों के लिए करहिया घाट क्रमांक 02 में हाइड्रा की व्यवस्था हैं वहां विसर्जन सुनिश्चित कराएं. डॉ0 सोनवणे ने आमजनता से अपील करते हुए कहा है कि प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए घाट में कृत्रिम कुण्ड बनाए गए हैं. इनमें ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें. पुलिस अधीक्षक श्री चौहान ने अधिकारियों को घाटों पर संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था बनाएं रखने के निर्देश दिए. निरीक्षण के समय पुलिस तथा नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे
