इंग्लैंड से हार के बाद पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। इस बीच पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने टीम को लेकर बड़ी भविष्यवाणी कर दी है।
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक हार का सामना करना पड़ा। आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 2 विकेट से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। वहीं इस हार के बाद पाकिस्तान का टूर्नामेंट से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। टीम की कमजोर बल्लेबाजी और अस्थिर प्रदर्शन ने फैंस को निराश किया है।
मोहम्मद आमिर की बड़ी भविष्यवाणी
इस हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का बयान चर्चा में है। एक फैन ने उनसे सवाल किया कि क्या टी20 वर्ल्ड कप के बाद सलमान अली आगा पाकिस्तान की टी20 टीम के कप्तान बने रहेंगे? इस पर आमिर ने साफ तौर पर कहा कि उन्हें नहीं लगता कि सलमान इस टूर्नामेंट के बाद कप्तान बने रहेंगे।
सलमान अली आगा का प्रदर्शन भी इस विश्व कप में उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। उन्होंने अब तक खेले गए 5 मैचों में सिर्फ 48 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में भी केवल 1 विकेट हासिल किया है। न बल्ले से और न ही गेंद से वह टीम को मजबूती दे पाए हैं। ऐसे में उनकी कप्तानी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पाकिस्तान की पारी रही साधारण
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम मजबूत शुरुआत नहीं कर सकी। 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान ने 164 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने सबसे ज्यादा 63 रन की पारी खेली, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 25 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने 3 विकेट चटकाए। जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि आदिल राशिद को 1 सफलता मिली। पाकिस्तान की बल्लेबाजी अंत में तेज रन नहीं बना सकी, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।
हैरी ब्रूक का शतक बना अंतर
165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में 8 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। कप्तान हैरी ब्रूक ने मैच विनिंग शतक जड़ा। उन्होंने 51 गेंदों पर 100 रन बनाकर पाकिस्तान के गेंदबाजों की मेहनत पर पानी फेर दिया। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद नवाज और उस्मान तारिक ने 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
