उज्जैन: महाकाल की नगरी में महाकुंभ 2028 की तैयारियां तेज हो गई हैं. देश और दुनिया की नजर इस समय उज्जैन पर टिकी हुई है. शहर में बड़े पैमाने पर विकास कार्य चल रहे हैं और बदलती तस्वीर के बीच प्रशासन की प्राथमिकता साफ है कि हर निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा हो. टिकाऊ और मजबूत निर्माण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सभी विभागों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त निर्देश दिए हैं.
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कलेक्टर कार्यालय सभागार में विभागीय निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली. बैठक में सिंहस्थ 2028 से अलग अन्य विभागों के निर्माण कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई. लोक निर्माण विभाग, लोक निर्माण सेतु, भवन विकास, पीआईयू, सिंचाई विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, यूडीए, पुलिस हाउसिंग, एमपीईबी, एमपीआरडीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो. उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कार्यों की भौतिक प्रगति और गुणवत्ता की नियमित जांच की जाएगी.
सिंचाई क्षमता में व्यापक वृद्धि
सिंचाई विभाग ने बताया कि अरनिया बहादुरपुर तालाब और इंदौख बैराज मध्यम सिंचाई परियोजना से 8,368 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित की जा रही है। 52 लघु तालाबों से 14,653 हेक्टेयर और 41 लघु बैराज एवं स्टॉप डेम से 7,047 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।महिदपुर में सामाकोटा बैराज का 98 प्रतिशत, डुंगरिया बैराज का 70 प्रतिशत और हरवाखेड़ी मध्यम सिंचाई परियोजना का 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
विद्युत और पुल निर्माण में भी प्रगति
एमपीईबी की एसएसटीडी योजना अंतर्गत 33/11 केवी के नए उपकेंद्र तपोभूमि (उज्जैन दक्षिण), मोचीखेड़ा, करोंदिया, पारसोली, रजला, निंबोदिया खुर्द, गेलाखेड़ी, बोलासा, जवासिया, करनावद, लोहरिया, शंकरपुर और जीवनखेड़ी में पूर्ण हो चुके हैं. जिले में छह पुलों का निर्माण कार्य जारी है। उज्जैन-नागदा-खाचरौद मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज का 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पंचक्रोशी मार्ग पर शिप्रा नदी पर सबमर्सिबल ब्रिज का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसे जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
सड़क परियोजनाओं में 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण
एमपीआरडीसी द्वारा 257 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से हाईब्रिड एन्युटी मॉडल पर छापिहेड़ा-नलखेड़ा रोड, गोगापुर-महिदपुर-घोसला रोड और सुंदरसी-पोलायकला मार्ग का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है. शेष कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा
