इंदौर:राऊ थाना क्षेत्र में सेज यूनिवर्सिटी के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. बुधवार शाम हुई इस भीषण दुर्घटना में सड़क पार कर रहे एक राहगीर और बेहद तेज गति से आ रहे मोटरसाइकिल चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है.
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार, मृतकों की पहचान नरपत सिंह चौहान उम्र 22 साल निवासी अलीराजपुर और अयान उम्र 22 साल निवासी सोनवाय, पीथमपुर रोड के रूप में हुई है. नरपत सिंह इंदौर में रहकर काम करता था और शाम को ड्यूटी से लौटते समय सड़क पार कर रहा था, तभी राऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार बताया जा रहा है. पुलिस मर्ग कायम कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
