इंदौर: चंदननगर थाना क्षेत्र में उधार दिए गए पैसे मांगने पर महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोसीपी मां-बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार खिजरा पार्क कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय निर्मला चौहान ने शिकायत दर्ज कराई कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान इरफान खान से हुई थी। इरफान ने खुद को उसके दिवंगत पति मनोज का परिचित बताते हुए पहले उसकी आईडी पर करीब 20 हजार रुपये का मोबाइल दिलवाया और बाद में अपने पिता के इलाज का हवाला देकर एक लाख रुपये नकद उधार ले लिए थे।
कुछ माह बाद जब महिला को पैसों की जरूरत पड़ी और उसने इरफान से रकम वापस मांगी तो वह अपनी मां तब्बसुम के साथ उसके घर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने महिला से गाली-गलौज की और विरोध करने पर थप्पड़ों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर चंदननगर पुलिस ने इरफान खान और तब्बसुम खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
