चौतरफा लिवाली के बीच 595 अंक चढ़ा सेंसेक्स

मुंबई, 16 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में निवेश धारणा मजूबत होने के कारण मंगलवार को बीएसई का
30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 594.95 अंक (0.73 प्रतिशत) की तेजी के साथ 82,380.69 अंक पर पहुंच गया जो 23 जुलाई के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 169.90 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की बढ़त में 10 जुलाई के बाद के उच्चतम स्तर 25,239.10 अंक पर बंद हुआ।
घरेलू के साथ अब विदेशी निवेशकों का विश्वास एक बार फिर भारतीय बाजार में बहाल हुआ है। उन्होंने एफएमसीजी को छोड़कर सभी सेक्टरों में पैसा लगाया। सबसे ज्यादा लिवाली ऑटो सेक्टर में देखने को मिली। रियलिटी में लगातार तेजी को दौर चल रहा है। तेल एवं गैस, आईटी, धातु, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, फार्मा, बैंकिंग सेक्टरों के सूचकांक भी हरे निशान में रहे। सेंसेक्स की 30 में से 28 कंपनियों के शेयर हरे निशान में रहे।बाजार में आज शुरू से ही तेजी रही। सेंसेक्स 66.37 अंक की तेजी के साथ 81,852.11 अंक पर खुला और लगातार चढ़ता गया। इसका निचला स्तर 81,779.94 अंक और ऊपरी स्तर 82,443 अंक रहा।
निफ्टी-50 सूचकांक भी 4.30 अंक चढ़कर 25,73.50 अंक पर खुला। यह नीचे 25,070.45 अंक और ऊपर 25,261.40 अंक तक गया।
मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.57 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.95 फीसदी चढ़ा। एनएसई में कुल 3,152 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,005 के शेयर हरे निशान में और 1,059 के लाल निशान में बंद हुये। वहीं, अन्य 88 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर सबसे अधिक 2.55 प्रतिशत चढ़ा। एलएंडटी में 2.28 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.22 प्रतिशत और मारुति सुजुकी में 1.99 प्रतिशत की तेजी रही। भारती एयरटेल, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल, एनटीपीसी, बीईएल और टीसीएस के शेयर भी एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में बंद हुये। एशियन पेंट्स (0.87 प्रतिशत) और बजाज फाइनेंस (0.69 प्रतिशत) सेंसेक्स में नुकसान उठाने वाली दो मात्र कंपनियां रहीं।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 0.30 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.04 प्रतिशत की बढ़त में रहा जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 0.03 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स सूचकांक 0.49 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.25 फीसदी की गिरावट में थे।

Next Post

लक्षद्वीप, एपीएस और टीएएफएस का पहले दिन शानदार प्रदर्शन

Tue Sep 16 , 2025
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (वार्ता)सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट के 64वें संस्करण की जूनियर ब्वायज (अंडर-17) श्रेणी की शुरुआत आज जोश और रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई। युवा खिलाड़ियों ने दिल्ली के विभिन्न मैदानों पर कौशल, टीम वर्क और जज़्बे का शानदार प्रदर्शन किया। पहले दिन का खेल इस एक्शन […]

You May Like