रांची, (वार्ता) झारखंड के हॉकी खिलाड़ियों के लिए 21 अक्टूबर का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया है।
हॉकी इंडिया द्वारा घोषित विभिन्न राष्ट्रीय कोचिंग कैंपों के लिए झारखंड के एक साथ आठ खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें सीनियर महिला इंडिया कैंप के लिए पांच, सब-जूनियर महिला कैंप के लिए दो तथा सब-जूनियर पुरुष कैंप के लिए एक खिलाड़ी शामिल हैं। यह उपलब्धि झारखंड में हॉकी के निरंतर विकास, खिलाड़ियों की मेहनत और राज्य में उपलब्ध प्रतिभाओं का प्रमाण है।
हॉकी इंडिया द्वारा मिले पत्र के अनुसार, सीनियर महिला राष्ट्रीय कोचिंग कैंप का आयोजन 26 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर, बेंगलुरु में किया जाएगा। इस कैंप के लिए देशभर से 30 खिलाड़ियों को चुना गया है, जिसमें झारखंड की पांच खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है।
सीनियर महिला राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए चयनित झारखंड की खिलाड़ियों में संगीता कुमारी, निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, दीपिका सोरेंग और ब्यूटी डुंगडुंग शामिल हैं। इन खिलाड़ियों का चयन राज्य के लिए गौरव का विषय है। सभी चयनित खिलाड़ियों को 26 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे तक बेंगलुरु स्थित कैंप में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।
दिसंबर में मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित होने वाले एफआईएच यूथ हॉकी एस विश्व कप की तैयारियों के मद्देनजर हॉकी इंडिया ने सब-जूनियर महिला टीम का राष्ट्रीय कोचिंग कैंप भी घोषित किया है। इसका आयोजन 10 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आगरा में होगा।
इस कैंप के लिए झारखंड की खिली कुमारी और संदीपा कुमारी को आमंत्रित किया गया है। युवा खिलाड़ियों के लिए यह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने और भारतीय टीम में जगह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है।
इसी प्रतियोगिता की तैयारी के लिए सब-जूनियर पुरुष टीम का राष्ट्रीय कोचिंग कैंप 10 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। इस कैंप के लिए झारखंड के आशीष तानी पूर्ति को आमंत्रित किया गया है। उनका चयन राज्य की पुरुष हॉकी प्रतिभाओं के लिए भी उत्साहवर्धक है।
एक साथ आठ खिलाड़ियों को विभिन्न राष्ट्रीय कोचिंग कैंपों में स्थान मिलने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव मनोज कुमार प्रसाद (मनोज कोनबेगी), कोषाध्यक्ष असरीता लकड़ा, डिजी विजय शंकर सिंह, उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, अशोक भगत, चन्द्रयानी मजूमदार, माइकल लाल,धर्मेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव सुरजीत झा, दुलारी टोपनो, सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों एवं झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार एवं अन्य पदाधिकारी ने सभी चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
