हनुमान टेकरी मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर बवाल, कलेक्ट्रेट पहुंचे बेघर रहवासी

गुना। जिला प्रशासन द्वारा हनुमान टेकरी रोड के चौड़ीकरण के उद्देश्य से 12 मार्च को की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अब विवादों के घेरे में आ गई है। इस कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन के विरुद्ध अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए ज्ञापन सौंपा।

रहवासियों का गंभीर आरोप है कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व लिखित सूचना के पक्षपातपूर्ण तरीके से उनके उन मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया है, जो पिछले 40 वर्षों से वहां बने हुए थे। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि टेकरी तक जाने के लिए शासकीय दस्तावेजों में पहले से ही पर्याप्त रास्ता मौजूद है, इसके बावजूद गरीबों के आशियाने उजाड़े गए। ज्ञापन सौंपने के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि टेकरी पहुंच मार्ग के नाम पर जिला प्रशासन ने उन धनाढ्य लोगों और रसूखदारों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है, जिनके मैरिज गार्डन और व्यावसायिक संस्थान उस क्षेत्र में स्थित हैं। कार्रवाई की जद में आए अधिकांश लोग मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले हैं, जिनके मकानों के साथ-साथ शौचालय और बाथरूम तक तोड़ दिए गए हैं। आक्रोशित महिलाओं का कहना है कि प्रसाधन की सुविधा छिन जाने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और अब उन्हें पड़ोसियों के घरों का सहारा लेना पड़ रहा है। रहवासियों की मांग है कि प्रशासन स्वयं उनके शौचालयों का पुनर्निर्माण कराए, अन्यथा वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। वर्तमान स्थिति यह है कि कार्रवाई के बाद पूरा मार्ग और क्षतिग्रस्त मकान मलबे में तब्दील पड़े हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अपनी जवाबदेही से पल्ला झाड़ रहे हैं।

पीडब्लयूडी और नपा ने झाड़ा पल्ला

लोक निर्माण विभाग और नगरपालिका दोनों ही बजट का अभाव बताकर सड़क दुरुस्त करने या नालियों के निर्माण से हाथ खड़े कर रहे हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन के माध्यम से रहवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त मकानों की भरपाई और व्यवस्था सुधारने की दिशा में कदम नहीं उठाए गए, तो वे उग्र आंदोलन करते हुए चक्काजाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

Next Post

सागर कॉलेज और माइंड केयर के बीच एमओयू, छात्राओं को मिलेगा मानसिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण

Wed Mar 18 , 2026
सागर। शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय, सागर के मनोविज्ञान विभाग द्वारा मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक अहम पहल करते हुए सागर माइंड केयर (एकता ज्योति वेलफेयर सोसायटी) के साथ शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया। इस समझौते पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद […]

You May Like