मोहाली, 23 सितंबर (वार्ता) पंजाब एफसी ने आगामी आईएफए शील्ड 2026-27 टूर्नामेंट के लिए अपनी 24 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस महीने कोलकाता में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में शेर ग्रुप II में ईस्ट बंगाल एफसी और कलकत्ता कस्टम्स क्लब के साथ शामिल हैं। पंजाब एफसी अपने अभियान की शुरुआत 27 सितंबर को कलकत्ता कस्टम्स क्लब के खिलाफ करेगा।
पंजाब एफसी के इस सीज़न के नए मुख्य कोच पावलोस डर्मिट्ज़ाकिस ने पदभार संभालने के बाद पहली बार टीम का चयन किया है। उन्होंने एक संतुलित टीम चुनी है, जिसमें 20 भारतीय और चार विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ियों में नए साइनिंग पैट्रिक जेरार्ड बहानाक, डिएगो रापोसो, अल्फ्रेड प्लानास मोया और राफाएल मेसी बूली शामिल हैं।
टीम में अनुभवी वरिष्ठ पेशेवरों के साथ क्लब के अपने सेटअप से उभर रही प्रतिभाओं का बेहतरीन संयोजन देखने को मिलता है। मुख्य कोच को तकनीकी निदेशक जॉर्जियोस एंजेलिडिस और भारतीय सहायक कोच शंकरलाल चक्रवर्ती का सहयोग मिलेगा। उनके साथ क्रिस्टोस वोरगियाट्ज़िडिस स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच और विनय सिंह गोलकीपिंग कोच की भूमिका निभाएंगे।
गोलकीपिंग विभाग में अर्शदीप सिंह अपने वरिष्ठ अनुभव के साथ टीम की रक्षापंक्ति को मजबूती देंगे, जबकि मुहीत शबीर और आयुष देशवाल भी गोलकीपर के रूप में टीम का हिस्सा हैं।
नए साइनिंग पैट्रिक जेरार्ड बहानाक के शामिल होने से डिफेंस को मजबूती मिली है। उनके साथ मुहम्मद उवैस, करिश सोरम, नगारिन शाइज़ा, सुरेश मीतेई, मोहम्मद सोहेल खान और बिशु शर्मा रक्षापंक्ति की जिम्मेदारी संभालेंगे।
खाइमिनथांग ल्हुंगडिम, निखिल प्रभु, रिशीकांता मीतेई, अर्शवीर सिंह, मोहम्मद इनाम और मंगलेन्थांग किपगेन टीम के मिडफील्ड को बहुमुखी प्रतिभा और मजबूती प्रदान करेंगे।
नए विदेशी खिलाड़ी डिएगो रापोसो, अल्फ्रेड प्लानास मोया और राफाएल मेसी बूली अटैकिंग विभाग को मजबूती देंगे। उनके साथ मुहम्मद सुहैल, कोंसम सनाथोई सिंह, बिकाश सिंह सागोलसेम, विशाल यादव और गुरकीरत सिंह टीम के आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे।
