
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत गांधी चौक में सिरगेट के पैसे मांगने पर अभिषेक श्रीपाल पर चाकू से वार करने वाले दो और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों का पुलिस ने जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर दोबारा अपराध न करने की कसम भी खाते नजर आए। फरार आरोपियों को फरारी कटवाने वाले दोस्त को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध कड़ा संदेश गया है कि कानून व्यवस्था बिगाडऩे और आम नागरिकों पर जानलेवा हमला करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
टीआई उमेश कुमार गोल्हानी ने बताया कि 29 अगस्त शनिवार रात लगभग 8:30 बजे गांधी चौक स्थित श्रीपाल किराना दुकान में सिगरेट एवं खाने-पीने की सामग्री के पैसे नहीं देने को लेकर दुकानदार अभिषेक श्रीपाल पिता अनिल श्रीपाल, 20 वर्ष, का आरोपियों से विवाद हो गया था। विवाद बढऩे पर आरोपी नितिन साहू, शिवा समुद्रे एवं राज चौधरी द्वारा अभिषेक के साथ मारपीट की गई थी । चाकू से पेट में वार कर जानलेवा हमला किया गया था। मुख्य आरोपी नितिन साहू पिता महेंद्र साहू, 20 वर्ष, निवासी मानेगांव रांझी को 30 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया था आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया था। नितिन साहू के विरुद्ध पूर्व से मारपीट एवं आर्म्स एक्ट सहित 5 प्रकरण दर्ज हैं।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी राज चौधरी पिता विशाल चौधरी, 18 वर्ष, निवासी गांधी चौक मानेगांव को परशुराम कुंड एवं शिवा राणे, 19 वर्ष, निवासी गांधी चौक मानेगांव को चाकू सहित व्हीकल स्टेट क्षेत्र से पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी घटना के बाद पिछले दो दिनों से चांदमारी घमापुर निवासी अपने दोस्त निखिल गोटिया के घर पर शरण लेकर फरारी काट रहे थे। पुलिस जांच में आरोपी निखिल गोटिया द्वारा फरार आरोपियों को अपने घर पर आश्रय देने की जानकारी सामने आने पर प्रकरण में धारा 249 बीएनएस का इजाफा करते हुए निखिल गोटिया को भी आरोपी बनाया गया जिसकी तलाश की जा रही है।
