
बागली। विश्व आदिवासी दिवस पर रविवार को पिपरी क्षेत्र आदिवासी संस्कृति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। ग्राम प्रेमगढ़ से आदिवासी समाज की भव्य रैली निकाली गई, जो पिपरी होते हुए धाराजी पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में समाजजन और युवा शामिल हुए। डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरके और पूरे मार्ग में उत्साह का माहौल बना रहा।
रैली के पिपरी सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचने पर ग्रामीणों एवं अन्य समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह लोगों ने रैली में शामिल समाजजनों का उत्साह बढ़ाते हुए आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं। रैली में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।
इसी दौरान नरसिंहपुरा फाटे पर आदिवासी समाज द्वारा जननायक बिरसा मुंडा एवं टंट्या मामा की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। समाजजनों ने दोनों महान आदिवासी नायकों को नमन करते हुए उनके संघर्ष और योगदान को याद किया।
