
जबलपुर। भेड़ाघाट थाना अंतर्गत बहदन सिलुआ मार्ग पर लुटेरों ने कलेक्शन एजेंट की आंख में मिर्ची झोंककर डेढ़ लाख की लूट कर दी। वारदात को अंजाम देनेे के बाद लुटेरे फरार हो गए। बाद में पीडि़त थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक दमोह तेंदूखेड़ा निवासी विष्णु पाल 20 वर्ष धनवंतरी नगर थाना संजीवनी नगर में किराए के मकान में रहता है और क्षेत्र में ही स्थित एक फाइनेंस बैंक में कलेक्शन का काम करता है। वह बाइक से भेड़ाघाट के बहदन में महिला समूह से कलेक्शन के 25 हजार 508 रुपए व 39 हजार 402 रुपए, सिलुआ से 58 हजार 811 रुपए और जमुनिया से 13 हजार 920 रुपए कलेक्शन कर रकम को बैग में रखने के बाद लौट रहा था। वह जैसे ही बहदन सिलुआ मार्ग पर पहुंचा तभी रास्ते में एक मोटर से दो लोग पहुंचे, एक बाइक को चालू किए हुए खड़ा रहा जबकि दूसरा बाइक से उतरा और पीछे से विष्णु पर मिर्ची पाउडर डाल दिया। विष्णु कुछ समझ पाता इसके पहले ही लुटेरे का दूसरा साथी पहुंच गया। दोनों ने विष्णु की बाइक की चाबी निकाली इसके बाद जमकर मारपीट की और बैग लूटकर भाग गए। बैग में 70 हजार रूपए नगद, टेबलेट, मोबाइल व अन्य समान कुल डेढ़ लाख रूपए का था। पुलिस लूट समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी कर रही है, साथ ही सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
