निगार सुल्ताना ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए बंगलादेश की वनडे कप्तान बनी रहेंगी

ढाका, 29 सितंबर (वार्ता) बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने वनडे कप्तान के तौर पर निगार सुल्ताना जोटी के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि वह ऑस्ट्रेलिया के आगामी दौरे पर टीम की कप्तानी करेंगी।

बंगलादेश को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलने हैं, लेकिन सीरीज से पहले ऐसी चर्चाएं थीं कि बोर्ड नया वनडे कप्तान नियुक्त कर सकता है, क्योंकि एशियाई खेलों के बीच में ही टी-20 कप्तानी छोड़ने के जोटी के फैसले से बोर्ड को शर्मिंदगी उठानी पड़ी थी। बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल और महिला विंग के चेयरमैन रफीकुल इस्लाम बाबू ने सोमवार को बीसीबी मुख्यालय में महिला क्रिकेटरों से मुलाकात की। बैठक के बाद, रफीकुल ने वनडे कप्तान के तौर पर जोटी के भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट की। वह 2021 से इस फॉर्मेट में बंगलादेश की कप्तानी कर रही हैं।

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रफीकुल ने कहा, “मैंने आज (बैठक के दौरान) घोषणा की कि ‘आप (जोटी) कप्तान बनी रहेंगी और कप्तान के तौर पर ही ऑस्ट्रेलिया जाएंगी’।” रफीकुल ने यह भी कहा कि हालांकि बोर्ड सीनियर कोच सरवर इमरान को कोई ‘शो-कॉज़ नोटिस’ (कारण बताओ नोटिस) जारी नहीं करेगा, लेकिन उनके हालिया बयानों को अनुचित माना गया। बंगलादेश के एशियाई खेलों के अभियान के बाद, जिसमें टीम कांस्य पदक जीतने से चूक गई थी, इमरान ने कप्तानी और कोचिंग की स्थिति को लेकर बोर्ड पर निशाना साधा था।

रफीकुल ने कहा, “हमारे कोच ने कुछ ऐसी अनुचित बातें कहीं जो कोई नहीं सुनना चाहता था। मुझे लगता है कि ऐसी बातें कहकर उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन किया है। चूंकि वह बीसीबी के साथ अनुबंध से बंधे हैं, इसलिए वह ऐसी बातें नहीं कह सकते। उन्होंने जो कहा है, वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमने अभी तक कोई ‘शो-कॉज़ नोटिस’ जारी नहीं किया है। वह बहुत सीनियर कोच हैं और हमें उनसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। वह क्रिकेट बोर्ड के तहत काम करने वाले सीनियर कोचों में से एक हैं। इसलिए हमें उनसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। मैंने मीडिया में कहा था कि उन्होंने गलती की है, एक गंभीर गलती की है।”

.....

Next Post

गधे के नाम पर जारी हो गया नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, MPNRC की प्रक्रिया पर सवाल

Tue Sep 29 , 2026
भोपाल: मध्यप्रदेश में नर्सिंग शिक्षा और कॉलेजों के विवादों के बीच नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठा है। NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने दावा किया है कि प्रक्रिया में दस्तावेजों का वास्तविक सत्यापन नहीं होता। उनके मुताबिक परीक्षण के लिए आवेदन में गधे की […]

You May Like