युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, टी-20 में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने

नयी दिल्ली, युजवेंद्र चहल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तमिलनाडु के खिलाफ 3 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है। वह टी-20 में 400 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।

भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 36 साल की उम्र में क्रिकेट जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में हरियाणा की ओर से खेलते हुए चहल ने तमिलनाडु के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की और 3 विकेट चटकाए। इसके साथ ही वह टी-20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।

तमिलनाडु के खिलाफ चहल की कसी हुई गेंदबाजी
दरअसल, हाल ही में तमिलनाडु के खिलाफ खेले गए मुकाबले में युजवेंद्र चहल ने बेहद किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में मात्र 16 रन खर्च किए और 3 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के साथ ही उनके टी-20 करियर के कुल विकेटों की संख्या 402 हो गई है।

आपको बता दें कि भले ही चहल साल 2023 (वेस्टइंडीज दौरे) के बाद से भारतीय टी-20 टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन आईपीएल और घरेलू टूर्नामेंट्स में उनका जलवा अब भी कायम है।

भुवनेश्वर और बुमराह से काफी आगे निकले चहल
भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में युजवेंद्र चहल अब सबसे ऊपर हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार हैं, जिनके नाम 366 विकेट दर्ज हैं। चहल और भुवनेश्वर के बीच अब 36 विकेटों का बड़ा अंतर हो गया है। इस खास लिस्ट में जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज भी शामिल हैं।

भारत के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

402 – युजवेंद्र चहल
366 – भुवनेश्वर कुमार
354 – जसप्रीत बुमराह
329 – पीयूष चावला
323 – आर. अश्विन
300 – अक्षर पटेल
294 – अर्शदीप सिंह

हरियाणा ने तमिलनाडु को 7 विकेट से दी मात
अगर हम मुकाबले की बात करें तो चहल और निशांत सिंधु (3 विकेट) की घातक गेंदबाजी के सामने तमिलनाडु की पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और महज 124 रन पर ढेर हो गई।लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम ने 16.1 ओवर में ही 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।

गेंदबाजी में 3 विकेट लेने के बाद निशांत सिंधु ने बल्ले से भी कमाल दिखाया और 5 चौकों की मदद से नाबाद 37 रन बनाए। इस बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए निशांत को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

Next Post

धोनी के 20 साल के करियर में जो रह गया अधूरा, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू सीजन में ही कर दिया पूरा

Thu Nov 19 , 2026
नयी दिल्ली, IPL से संन्यास ले चुके MS धोनी अपने पूरे करियर में एक भी शतक नहीं जड़ पाए, जबकि राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी ने अपने डेब्यू सीजन में ही ये कमाल कर इतिहास रच दिया। भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार रहे एमएस धोनी ने इंडियन […]

You May Like