इंदौर: शहर के मुख्य मार्गो को अतिक्रमण मुक्त करने और फ्लाई ओवर ब्रिज के नीचे स्थित खाली स्थानों पर जनउपयोगी स्थल विकसित करने की योजना बनाई जाए. उक्त आदेश आज महापौर ने यातायात और उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए.शहर की यातायात व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और हरियाली को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नगर निगम मुख्यालय में यातायात एवं उद्यान विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली.
बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर उन्हें आदर्श मार्ग बनाने, पुल- पुलियाओं के नीचे स्थित बोगदों की जनुपयोगी नीति बनाने तथा शहर में सौंदर्यीकरण कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए. महापौर ने कहा कि एयरपोर्ट से बड़ा गणपति, बड़ा गणपति से एमजी रोड पलासिया तक और बंगाली चौराहा से तिलक नगर चौराहा के मार्गों पर फुटपाथों से अतिक्रमण हटाया जाए. इसके लिए यातायात विभाग एवं रिमूव्हल विभाग संयुक्त कार्रवाई करेंगे.
सूचना बोर्ड शीघ्र लगाएं
बैठक में शहर के मार्गों, चौराहों, पुलों एवं उद्यानों के नामकरण के बाद सूचना बोर्ड शीघ्र लगाने के निर्देश दिए गए. शहर के जो डिवाइडर, मीडियन, रोटरी एवं उद्यान संस्थाओं को गोद दिए गए हैं, उनका सौंदर्यीकरण कार्य शुरू करने का भी कहा गया है. साथ ही बिना अनुमति के होर्डिंग्स और बोर्डों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए.
समय सीमा में पूरा करें कार्य
महापौर ने मधुमिलन चौराहे का सौंदर्यीकरण एवं विकास को लेकर अधिकारियों से समय सीमा कार्य पूरा करने को कहा. बैठक में पुल-पुलियाओं के नीचे स्थित बोगदों में खेल गतिविधियां, बैठक स्थल और अन्य जनोपयोगी सुविधाएं विकसित करने के लिए एक समग्र नीति और कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए.
