राज्य पुलिस सेवा के 7 अधिकारी IPS में शामिल, DGP ने प्रदान की रैंक

भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य पुलिस सेवा के सात अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) चयन सूची-2025 के तहत औपचारिक रूप से भारतीय पुलिस सेवा में शामिल कर लिया गया। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने अधिकारियों को आईपीएस रैंक प्रदान की।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति कानून-व्यवस्था बनाए रखने में समर्पण, ईमानदारी और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव नियुक्त अधिकारी भविष्य में भी उच्च स्तर के नेतृत्व, पेशेवर दक्षता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस व्यवस्था को और सशक्त बनाएंगे तथा जनता का विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने आचरण और कार्यशैली से पुलिस बल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने कहा कि योग्य अधिकारियों को समय पर पदोन्नति और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता रही है।

आईपीएस में शामिल किए गए अधिकारियों में निमिषा पाण्डेय, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा पाठक सोनी, सुमन गुर्जर, सब्यसाची सराफ और समर वर्मा शामिल हैं।

गृह मंत्रालय की 17 जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार इन अधिकारियों की नियुक्ति मध्यप्रदेश कैडर में परिवीक्षा पर की गई है। वे एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पूरी करेंगे तथा भारतीय पुलिस सेवा (परिवीक्षा) नियम, 1954 के तहत निर्धारित इंडक्शन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

Next Post

10 करोड़ के लोन का झांसा देकर 1 करोड़ ठगे, कोर्ट के आदेश से कारोबारी को पूरी रकम वापस मिली

Tue Jul 21 , 2026
इंदौर. कारोबार विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपए का लोन दिलाने का झांसा देकर ठगे गए कारोबारी को आखिरकार राहत मिल गई. लोन के नाम पर गंवाए गए 1 करोड़ रुपए जिला कोर्ट के आदेश के बाद वापस मिल गए. साइबर सेल की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के खातों में […]

You May Like