इंदौर: तुकोगंज थाना क्षेत्र में टूर पैकेज के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी ने मनाली और शिमला ट्रिप की बुकिंग लेकर पैसे ले लिए, लेकिन मौके पर कोई व्यवस्था नहीं कराई.शिवशक्ति नगर में रहने वाले 22 वर्षीय गौरव त्रिवेदी निवासी शिवशक्ति नगर की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. शिकायत में बताया कि आरोपी अरिंदम डे निवासी कोलकाता, पश्चिम बंगाल से मनाली ट्रिप के लिए 8 लोगों का पैकेज 1,01,220 रुपए में तय किया था.
इसके अलावा अमरनाथ यात्रा के लिए 7 लोगों का पैकेज 1,44,060 रुपए में हेलीकॉप्टर, होटल और गाड़ी की बुकिंग की बात हुई थी. पीड़ित ने 2,26,400 रुपए यूपीआई के माध्यम से आरोपी को ट्रांसफर किए. 15 मई 2026 को जब इंदौर से भेजी गई पार्टी शिमला पहुंची तो वहां न होटल की बुकिंग मिली और न ही गाड़ी की कोई व्यवस्था थी. इसके बाद खुद के साथ ठगी का एहसास हुआ. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
