
मंडला। बीजाडांडी थाना क्षेत्र के ग्राम बीजाडांडी में राधा-कृष्ण मंदिर के समीप दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। हादसे में दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया है। वहीं तीन अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल बीजाडांडी से उदयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान राधा-कृष्ण मंदिर के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने लापरवाहीपूर्वक आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों पर सवार सभी पांच लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी थाना प्रभारी अनीता कुडापे पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने घायल लोगों को सड़क से सुरक्षित निकालकर तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। उनकी त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर उपचार मिल सका। गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया है। समाचार लिखे जाने तक घायलों के नाम एवं पते की विस्तृत जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी थी। बीजाडांडी पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
