चार धाम यात्रा बसों को धामी ने दिखाया हरा ध्वज

देहरादून, 04 मई, (वार्ता) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश स्थित आईएसबीटी में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित “ऋषिकेश से चारधाम यात्रा 2025“ के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं का स्वागत किया एवं श्रद्धालुओं को ले जा रही 10 बसों को हरा झंडा दिखा गंतव्यों के लिए प्रस्थान कराया।

उन्होंने चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए बाबा केदार, बदरी विशाल, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री से सबकी सकुशल यात्रा की प्रार्थना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष यात्रा अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी और नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए दृढ़ संकल्पित है। अनवरत प्रत्येक स्तर पर यात्रा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि जब श्रद्धालु, यात्रा पूरी करने के बाद अपने घर लौटें, देवभूमि उत्तराखंड में बिताए गए समय की स्वर्णिम स्मृतियों और सुखद अनुभव को साथ लेकर जाए। उन्होंने कहा कि देश, विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं। इससे राज्य में लोगों के रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किये गये हैं।

श्री धामी ने सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि देवभूमि को पवित्र और स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि हरित चारधाम यात्रा के साथ ही स्वच्छता पर राज्य सरकार का विशेष फोकस है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ के मास्टर प्लान पर तेजी से कार्य हुए हैं। गौरीकुंड से केदारनाथ तक रोपवे का कार्य पूर्ण होने के बाद यात्रा और ज्यादा सुगम होगी। ऑल वेदर रोड के निर्माण से पहले के मुकाबले आज यात्री काफी कम समय में ऋषिकेश से चार धाम पहुंच रहे हैं। उन्होंने संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा श्रद्धालुओं को यात्रा कराने में सहयोग प्रदान कराने की पहल की सराहना की।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, जीएमओयू अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज, टीजीएमओसी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, गढ़वाल मंडल कॉन्ट्रैक्ट अध्यक्ष संजय शास्त्री, सचिव देवेंद्र सिंह रावत, नंदन सिंह रावत, रमेश चंद्र उप्रेती, हर्षवर्धन सिंह कृष्णा सहित विभिन्न राज्यों से चार धाम यात्रा के लिए आए श्रद्धालु एवं अन्य उपस्थित रहे।

 

 

Next Post

योग गुुरु शिवानंद महाराज का निधन

Sun May 4 , 2025
वाराणसी 04 मई (वार्ता) पद्मश्री से सम्मानित योग गुरु स्वामी शिवानंद महाराज का शनिवार देर रात वाराणसी के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह करीब 129 साल के थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वयोवृद्ध योग गुरु के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये उन्हे भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की है। […]

You May Like