नीट यूजी री-एग्जाम से पहले सरकार का बड़ा एक्शन : देश भर में टेलीग्राम प्रतिबंधित, मैसेज एडिटिंग फीचर भी ब्लॉक

सतना : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी पुनरीक्षा को लेकर के केंद्र सरकार बेहद सख्त रुख अपना रही है।परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने देश भर में लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से मिले इनपुट्स के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69A का उपयोग करते हुए यह कड़ा कदम उठाया गया है।इस आदेश के तहत भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म का उपयोग 22 जून तक के लिए सीमित और प्रतिबंधित कर दिया गया है, ताकि 21 जून को परीक्षा के दिन कोई गड़बड़ी या अफवाह न फैलाई जा सके। इसके साथ ही पुराने मैसेजेस में हेरफेर रोकने के लिए टेलीग्राम का मैसेज-एडिटिंग फीचर भी आगामी 30 जून तक पूरी तरह से बंद रहेगा।

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि टेलीग्राम पर कई फर्जी चैनल सक्रिय थे। इन चैनलों के शातिर एडमिन टेलीग्राम के मैसेज-एडिटिंग फीचर का गलत फायदा उठा रहे थे। ये जालसाज परीक्षा खत्म होने के बाद अपने पुराने मैसेजेस या पीडीएफ फाइलों को एडिट कर देते थे और उसमें असली प्रश्नपत्र के सवाल डाल देते थे। इसके बाद वे छात्रों और अभिभावकों को यह झांसा देते थे कि उनके पास पेपर परीक्षा से पहले ही आ गया था।

इस संवेदनशील मामले को लेकर जिला प्रशासन और साइबर सेल ने भी स्थानीय छात्रों और अभिभावकों से विशेष अपील की है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह ने संयुक्त रूप से कहा है कि छात्र टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय किसी भी ऐसे जालसाज के झांसे में न आएं जो पैसों के बदले पेपर दिलाने का दावा करता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी के प्रयास की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर दे

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रदेश के 30 जिलों के 283 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों को बैंकों में पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है, जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अलग-अलग विशेष वाहनों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।

परीक्षा का समय :
दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जिसके लिए परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे ही केंद्रों पर रिपोर्ट करने को कहा गया है। परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी छात्र को एंट्री नहीं मिलेगी।

परीक्षा को पूरी पारदर्शिता से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए जा रहे हैं। साथ ही परीक्षार्थियों के लिए पानी-नाश्ते, अभिभावकों के बैठने और छात्राओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।

Next Post

GOAT विवाद पर सुनीता आहूजा ने दी सफाई, बोलीं- मुझे इसका मतलब नहीं पता था

Wed Jun 17 , 2026
सुनीता आहूजा ने एक इंटरव्यू में गोविंदा को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए। उन्होंने कहा कि अभिनेता अब हेयर पैच का इस्तेमाल करते हैं। उन्हें इस शब्द का सही मतलब नहीं पता था। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा अपने बेबाक अंदाज और खुलकर बात रखने की वजह से […]

You May Like