सिंगरौली। सोन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद चितरंगी क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बाणसागर परियोजना के सात गेट खोले जाने के बाद नदी में पानी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे और निचले इलाकों में बसे करीब 64 गांवों पर संभावित बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
स्थिति को देखते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें लगातार मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सतर्क कर रही हैं। ग्रामीणों से नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की जा रही है। बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की भी समझाइश दी गई है। एसडीओपी ललित बैरागी ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और पुलिस टीमों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जलस्तर में होने वाले हर बदलाव पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
