आदिवासी महिला की पैतृक भूमि हड़पने के प्रकरण में पप्पू दीक्षित गिरफ्तार, अनुपम फरार

पन्ना। पन्ना पुलिस द्वारा अनुसूचित जनजाति की महिला की पैतृक भूमि को छल-कपट, धोखाधड़ी एवं कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से हड़पने के गंभीर प्रकरण का पर्दाफाश किया गया है। विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण एवं ठोस साक्ष्य सामने आने पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दिनांक 25 सितंबर 2025 को फरियादिया श्रीमती संतोषरानी पुत्री स्व. जगोला गौड (आदिवासी), उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम ताखौरी थाना रैपुरा द्वारा थाना कोतवाली पन्ना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पिता स्व. जगोला गौड की मृत्यु उनके बचपन में हो चुकी थी तथा उनकी माता मल्लनबाई नेत्रहीन हैं। पिता के नाम ग्राम मन्नौर स्थित खसरा नंबर 148/4 रकबा 2.00 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, जिसकी वैध उत्तराधिकारी केवल फरियादिया एवं उनकी बड़ी बहन कुसुमरानी हैं। फरियादिया ने आरोप लगाया कि अनुपम त्रिपाठी पिता रामलखन त्रिपाठी एवं कांग्रेस नेता श्रीकांत दीक्षित, निवासी पन्ना द्वारा उनकी जानकारी व सहमति के बिना राजाराम आदिवासी पिता जगोला गोड़ निवासी ग्राम जैतुपुरा थाना अमानगंज को मृत खातेदार का फर्जी पुत्र दर्शाकर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से नामांतरण करवा दिया गया। तत्पश्चात उक्त भूमि को छल-कपटपूर्वक रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से स्वयं के नाम दर्ज करा लिया गया। इस संबंध में वर्ष 2022 में कलेक्टर कार्यालय पन्ना में शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली पन्ना में अपराध क्रमांक 824/25 धारा 420, 467, 468, 471, 419, 409 एवं 34 ता.हि. के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

ऐसे किया गया फर्जीवाड़ाः- कूटरचित नामांतरण कार्यवाही में मृत खातेदार एवं उसकी पत्नी को झूठे रूप में मृत दर्शाया गया। बिना मृत्यु प्रमाण पत्र, बिना वैध सिजरा-खानदान एवं वास्तविक वारिसों को सूचना दिए बिना नामांतरण आदेश पारित कराया गया। कूटरचित नामांतरण आदेश के आधार पर भूमि विक्रय की अनुमति लेकर भूमि का विक्रय किया गया। कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग शासकीय एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं में किया गया। उक्त तथ्यों के आधार पर विवेचना में भा.दं.वि. की धारा 467, 468, 471, 419 ता.हि. का इजाफा किया गया।

मामले में पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पन्ना एस.पी. सिंह बघेल के नेतृत्व में त्वरित कार्यवाही करते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा आरोपी श्रीकान्त उर्फ पप्पू दीक्षित को दिनांक 16 जनवरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Next Post

ट्रायल में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया

Fri Jan 16 , 2026
आलीराजपुर। कलेक्टर नीतू माथुर एवं पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के मार्गदर्शन में खेलो एमपी यूथ गेम्स के चयन ट्रायल दिनांक 16 जनवरी को कट्ठीवाड़ा एवं चंद्रशेखर आजाद नगर विकासखंड में सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। ट्रायल में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। जिला […]

You May Like