वाशिंगटन, 14 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि ग्रीनलैंड में जल्द ही बड़े पैमाने पर तेल, गैस और खनिजों की खोज और निकालने का काम शुरू होने वाला है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर जारी संदेश में उन्होंने विशेषज्ञों के हवाले से कहा कि यहाँ आसानी से उपलब्ध तेल की मात्रा दुनिया के किसी भी अन्य हिस्से से कहीं अधिक है। हालांकि, उन्होंने इस योजना से जुड़े अतिरिक्त ब्योरे साझा नहीं किए ।
गौरतलब है कि श्री ट्रम्प लगातार डेनमार्क के स्वायत्त क्षेत्र ग्रीनलैंड पर नियंत्रण पाने या उसके विशाल प्राकृतिक संसाधनों तक पहुँच बनाने की बात करते रहे हैं। पिछले महीने अमेरिका, डेनमार्क और ग्रीनलैंड के बीच एक समझौता हुआ था, जिसे तनाव कम करने के प्रयास के रूप में देखा गया। इस समझौते में डेनमार्क की संप्रभुता और ग्रीनलैंड के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार को मान्यता दी गई है। इस समझौते में तेल या गैस का कोई सीधा उल्लेख नहीं है, लेकिन इसमें खनिजों पर सहयोग और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की बात कही गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रीनलैंड से इन संसाधनों को निकालना बेहद कठिन और खर्चीला काम होगा। इस विशाल द्वीप का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा बर्फ की एक मील मोटी परत से ढका हुआ है और अधिकांश खनिज भंडार आर्कटिक के दूरदराज के इलाकों में हैं। श्री ट्रम्प के इस नए दावे पर डेनमार्क और ग्रीनलैंड की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आयी है।

