
आगर-मालवा, संभागायुक्त उज्जैन आशीष सिंह ने मंगलवार को आगर जिले के बापचा सेक्टर के ग्राम महुडिय़ा एवं लालूखेड़ी पहुंचकर आंगनवाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त सिंह ने आंगनवाड़ी केंद्र में एएनएम द्वारा किए जा रहे महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण कार्य का जायजा लिया. उन्होंने एएनएम से चर्चा कर ग्राम में प्रसव पूर्व जांच हेतु पंजीकृत महिलाओं की संख्या, अनमोल पोर्टल पर पंजीकृत महिलाओं की संख्या तथा समग्र आईडी के अभाव में पंजीयन से शेष महिलाओं की जानकारी प्राप्त की.
संभागायुक्त ने जिला पंचायत सीईओ को समग्र आईडी संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए. साथ ही सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में एक टेबल एवं पांच कुर्सियां उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, जिससे टीकाकरण दिवस पर एएनएम एवं आगंतुक महिलाओं को सुविधा हो सके. आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के पश्चात संभागायुक्त सिंह ने उपस्थित ग्रामीण छात्रों से संवाद किया. उन्होंने बच्चों से स्कूल, कक्षा एवं पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली. छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करने तथा डॉक्टर, इंजीनियर, वकील बनने के लिए मेहनत करने हेतु प्रेरित किया. इस दौरान कक्षा चौथी के छात्र आशीष से नाम पूछने पर छात्र ने बताया कि वह पढ़-लिखकर डॉक्टर बनना चाहता है. इस पर संभागायुक्त सिंह ने छात्र आशीष से हाथ मिलाकर उसकी हौसला अफजाई की. ग्रामीणों ने संभागायुक्त सिंह, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, एसपी दिलीप कुमार सोनी का पुष्पहारों से स्वागत किया.
