
जबलपुर। क्राईम ब्रांच एवं बरगी पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही कर बरगी वायपास नंदकेश्वर ढाबा बरगी एन एच 34 रोड पर दबिश देकर सिवनी से जबलपुर आ रही बस रोककर सर्चिंग कर उड़ीसा से आई गांजे की खेप पकड़ी है। पुलिस ने बस की तलाशी लेते हुए गांजा के कारोबार में तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ 6 किलो 686 ग्राम गांजा कीमती लगभग 3 लाख 34 हजार रूपये का जप्त किया गया है।
टीआई नीलेश दोहरे ने बताया कि क्राईम ब्रांच को सूचना मिली कि नंदन बस में 3-4 व्यक्ति चाकू लिये सिवनी तरफ से जबलपुर की ओर आने वाले हैं सूचना पर क्राईम ब्रांच एवं बरगी पुलिस ने की संयुक्त टीम द्वारा बरगी वायपास नंदकेश्वर ढाबा बरगी एन एच 34 रोड पर दबिश दी गई कुछ समय बाद सिवनी की ओर से आ रही नंदन बस क्रमांक एमपी 22 जेड एफ 6661 को रोककर बस कंडक्टर एवं ड्रायवर की निशादेही पर बस चैक करते हुये शिवम केशरवानी पिता कमलेश केशरवानी 32 वर्ष निवासी लार्डगंज, एवं गोलू उर्फ अन्नू धुसिया पिता अजय धुसिया 20 वर्ष निवासी गोराबजार, रूपेश कुमार पिता कुंवरलाल रैकवार पिता 35 वर्ष निवासी ग्राम उमरिया चौबे पनागर, वेदांश अवस्थी उर्फ बटुक पिता दिनेश अवस्थी 19 वर्ष निवासी सिंघई कालोनी निवाड़गंज दीक्षितपुरा कोतवाली को पकड़ा।
चाकुओं की सूचना, मिला गांजा
पुलिस को सूचना थी कि आरोपियों के पास चाकू रखे हुए हैं लेकिन जब पिट्ठू बैगों की तलाशी ली गई तो चारों संदेहियों के कब्जे से 7 पेकेट में कुल 6 किलो 686 ग्राम गांजा कीमती लगभग 3 लाख 34 हजार रूपये का होना पाया गया। पूछताछ करने पर प्रांजुल सोनकर द्वारा पैसे देकर उड़ीसा में मोबाइल नम्बर धारक से गांजा खरीदकर लाना बताये।
