आइची-नागोया (जापान) 29 सितंबर (वार्ता) एशियाई खेलों में मंगलवार को भारत ने महिलाओं के ट्रैप टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। वहीं नीरू ढांडा ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई।
आज यहां भारत की नीरू ढांडा, आशीमा अहलावत और मनीषा कीर ने महिलाओं के ट्रैप टीम स्पर्धा में 328 अंकों के साथ रजत पदक जीता। चीन ने 346 अंक के साथ स्वर्ण और कुवैत ने 325 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
नीरू ढांडा क्वालिफिकेशन राउंड में 118 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहीं और व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफ़ाई किया। आशीमा अहलावत और मनीषा कीर क्रमशः 106 और 104 अंक ही बना पाईं और फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
