
आलीराजपुर। कलेक्टर नीतू माथुर एवं पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के मार्गदर्शन में खेलो एमपी यूथ गेम्स के चयन ट्रायल दिनांक 16 जनवरी को कट्ठीवाड़ा एवं चंद्रशेखर आजाद नगर विकासखंड में सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। ट्रायल में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार आगामी चयन ट्रायल 17 जनवरी एवं 19 जनवरी को जोबट, उदयगढ़, सोंडवा एवं आलीराजपुर विकास खंडों में आयोजित किए जाएंगे। चयन ट्रायल का समय प्रातः 10:30 बजे से रहेगा। इच्छुक खिलाड़ी संबंधित विकासखंड में पंजीयन कर चयन ट्रायल में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी संबंधित विकासखंड अधिकारी अथवा खेल प्रशिक्षक से संपर्क कर सकते हैं।
खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सुश्री एस निनामा द्वारा बताया गया कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जहां से विजेता एवं उपविजेता टीमों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश की टीम में शामिल किया जाएगा। यह पहली बार है जब खेल संघ एवं खेल विभाग संयुक्त रूप से खिलाड़ियों की पहचान कर राष्ट्रीय स्तर की टीम का गठन करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेलो एमपी यूथ गेम्स का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जो भविष्य में नौकरी, कॉलेज में प्रवेश, पुलिस, आर्मी सहित विभिन्न सेवाओं में लाभदायक सिद्ध होगा।
