
ग्वालियर। अखिल भारतीय प्रबंधन संघ द्वारा आयोजित 52वाँ राष्ट्रीय प्रबंधन सम्मेलन 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली स्थित होटल ताज पैलेस के दरबार हॉल में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देश-विदेश के दिग्गज उद्योगपति, नीति-निर्माता, अर्थशास्त्री और रक्षा विशेषज्ञ शामिल होंगे।
ग्वालियर मैनेजमेंट एसोसिएशन 20 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भेज रहा है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जीएमए के कार्यकारी निदेशक डॉ. मनोज पटवर्द्धन करेंगे। वहीं युवा प्रतिभागियों का नेतृत्व यंग लीडर्स काउंसिल ग्वालियर चैप्टर के चेयरमैन इंजी. मोहित वर्मा करेंगे।
सम्मेलन का मुख्य विषय है – वैश्विक रुझान और भविष्य की रणनीतियाँ: बदलती दुनिया में लचीलापन और अनुकूलनशीलता। इसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी, इसरो अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन, संसद सदस्य डॉ. शशि थरूर, नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत, टाटा स्टील के सीईओ टी.वी. नरेंद्रन, अपोलो हॉस्पिटल्स की प्रबंध निदेशक डॉ. सुनीता रेड्डी सहित कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय हस्तियाँ अपने विचार साझा करेंगी।
सम्मेलन में भारत की विकास यात्रा और वैश्विक व्यवधानों से निपटने की रणनीतियाँ, भू-राजनीतिक चुनौतियाँ और भारत की भूमिका तथा भविष्य के लिए नेतृत्व और नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विमर्श होगा।
ग्वालियर से जा रहा यह प्रतिनिधिमंडल स्थानीय प्रबंधन पेशेवरों, उद्योगपतियों और युवाओं के लिए न केवल प्रेरणास्रोत बनेगा बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर की पहचान को और सशक्त करेगा।
