इंदौर:राजमोहल्ला क्षेत्र में एक युवती से मिलने पहुंचे होमगार्ड के नगर सैनिक को रहवासियों ने पकड़कर जमकर पीट दिया. इस दौरान उस पर चोरी और छेड़छाड़ के आरोप भी लगाए गए. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नगर सैनिक को थाने लाकर मामले की जांच शुरू की गई है.रविवार शाम करीब 4.30 बजे की घटना बताई जा रही है. छत्रीपुरा पुलिस के अनुसार द्वारकापुरी निवासी नगर सैनिक प्रशांत श्रीवास एच कॉलोनी में एक युवती से मिलने पहुंचा था. इसी दौरान इलाके के लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट कर दी. हंगामे के बीच उस पर घर में घुसकर चोरी और युवती से छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए गए. सूचना मिलने पर मल्हारगंज थाना की एफआरवी मौके पर पहुंची और नगर सैनिक को अपने साथ छत्रीपुरा थाने ले आई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई.
सैनिक बोला… मंगेतर से मारपीट करने वाले युवक की तलाश में गया था
प्रारंभिक पूछताछ में नगर सैनिक ने बताया कि उसकी मंगेतर के साथ राजमोहल्ला निवासी एक युवक ने मारपीट की थी. वह उसी युवक को तलाशने के लिए यहां आया था. युवक के घर पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों और आसपास के रहवासियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी. बचने के दौरान वह भागा और एक नाले में गिर गया. थाना प्रभारी ने बताया कि युवती भी द्वारकापुरी क्षेत्र की रहने वाली है. मामले में एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
