जालंधर | पंजाब के जालंधर स्थित मॉडल टाउन इलाके में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की सरेआम हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, ओबेरॉय सुबह करीब 8:15 बजे गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे। जैसे ही वह बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे थार सवार हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से पांच गोलियां लक्की की छाती और सिर में लगीं। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस वारदात ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मॉडल टाउन इलाके को सील कर दिया गया। हमलावरों की गोलियों से लक्की की कार भी पूरी तरह छलनी हो गई है। पुलिस अब गुरुद्वारे और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। जांच का दायरा पुरानी रंजिश, गैंगवार और आपसी विवाद जैसे सभी संभावित पहलुओं तक फैला दिया गया है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने का आरोप लगाया है। बाजवा ने सोशल मीडिया पर कहा कि यदि सत्ताधारी दल के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा? उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब आज डर और गैंगस्टर हिंसा की चपेट में है, जबकि सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है। इस घटना ने एक बार फिर पंजाब में सक्रिय आपराधिक गिरोहों और उनके बढ़ते हौसलों पर गंभीर बहस छेड़ दी है।

