
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कहा कि बीते सप्ताह मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में भोपाल मेट्रो का शुभारंभ हुआ और प्रदेश के पहले भोपाल मेट्रोपोलिटन एरिया के मानचित्र का लोकार्पण किया गया। भोपाल मेट्रोपोलिटन एरिया में भोपाल सहित रायसेन, विदिशा, राजगढ़, सीहोर और नर्मदापुरम जिले शामिल किए गए हैं, जिसमें 12 नगरीय क्षेत्र, 30 तहसीलें और 2524 गांव सम्मिलित हैं। इसका कुल क्षेत्रफल 12,099 वर्ग किलोमीटर होगा।
मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रियों को बताया कि भोपाल मेट्रो के पहले चरण में सुभाष नगर से एम्स तक 7 किमी लंबा ट्रैक और 8 स्टेशन शामिल हैं। इससे पहले इंदौर मेट्रो शुरू हो चुकी है और अब दोनों शहर आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क से जुड़ गए हैं। साथ ही इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो ट्रैक को भी केंद्र से मंजूरी मिली है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ी पहल करते हुए धार और बैतूल में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेजों के निर्माण का भूमिपूजन 23 दिसंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे। मुख्यमंत्री ने इन सभी विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त किया।
