
ग्वालियर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर ग्वालियर में 25 दिसम्बर को आयोजित होने जा रही ऐतिहासिक “अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट 2025” के लिए प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही समिट के सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि आयोजन स्थल के नजदीक पर्याप्त संख्या में पार्किंग स्थापित की जाएं। साथ ही ऐसी व्यवस्था बनाएं कि ग्वालियर शहर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों सहित शहर में सड़क आवागमन बाधित नहीं हो। पार्किंग स्थलों के बारे में संबंधित जिलों के अधिकारियों को पहले से ही बता दें कि उनके जिले के वाहन किस पार्किंग में खड़े कराए जायेंगे। उन्होंने जिला स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक समिट के आयोजन को लेकर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
सिलावट एवं सांसद कुशवाह ने कहा कि समिट में बड़ी संख्या में उद्यमी, निवेशक, हितग्राही एवं नागरिक शामिल होंगे। इसलिये सभी व्यवस्थायें बेहतर से बेहतर हों। व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंजाम दें, जिससे कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे सभी प्रतिभागी सुविधाजनक तरीके से अपने सेक्टर में पहुँच सकें। साथ ही कार्यक्रम समापन के बाद आसानी से बाहर जा सकें। उन्होंने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, संभाग आयुक्त मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह मौजूद थे।
