बुधनी। जिले की प्रमुख नर्मदा नदी में अवैध खनन और परिवहन से शासन प्रशासन को करोड़ों रुपए के राजस्व की हानि प्रतिमाह हो रही है. खनिज माफिया धड़ल्ले से नर्मदा का सीना छलनी करने से बाज नहीं आ रहा है. संबंधितों की मिलीभगत के चलते खनिज संपदा का अवैध दोहन और परिवहन रोकने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला. एक बार फिर कलेक्टर बालागुरू के के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिजों के उत्खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में बुधनी एवं रेहटी क्षेत्र अंतर्गत खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा नर्मदा नदी से अवैध रेत उत्खनन करते हुए पोकलेन एवं जेसीबी मशीन जब्त की गई है. जिसे शाहगंज थाने में खड़ा किया गया है. इसी प्रकार टीम द्वारा रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक टेक्टर-ट्राली जब्त कर इछावर थाने भेजा गया तथा मुरम का अवैध परिवहन करते हुए पाए गए एक डम्पर जब्त कर रेहटी थाना में खड़ा किया गया. जिला खनिज अधिकारी धर्मेंद चौहान बताया कि सभी वाहनों पर खनिज नियमों एवं प्रावधानों के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है. देखना है कि धरपकड़ मुहिम कब तक जारी रहती है.
