मुंबई, 25 जुलाई (वार्ता) भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने आगामी रियलिटी शो भोजपुरी बवाल में अपनी जिंदगी के एक बड़े फैसले का खुलासा करते हुए कहा है कि वह मां बनना चाहती हैं।जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होने वाले शो भोजपुरी बवाल का एक नया प्रोमो जारी किया गया है, जिसमें आम्रपाली दुबे अपने परिवार के सामने भावुक अंदाज में अपनी इच्छा व्यक्त करती नजर आती हैं। मंदिर में आशीर्वाद लेने के बाद अम्रपाली कहती हैं कि वह अपनी जिंदगी का शायद सबसे बड़ा फैसला लेने जा रही हैं और उन्हें नहीं पता कि उनके परिवार तथा प्रशंसकों की क्या प्रतिक्रिया होगी, लेकिन वह मां बनना चाहती हैं।
आम्रपाली की इस बात से उनका परिवार हैरान रह जाता है।
प्रोमो में उनके पिता अविश्वास जताते हुए उनसे सवाल करते नजर आते हैं, जबकि उनकी बहन उनसे पूछती हैं कि क्या वह अपने फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। इसके जवाब में अम्रपाली पूरे आत्मविश्वास के साथ कहती हैं कि वह अपने निर्णय को लेकर पूरी तरह निश्चित हैं। शो के प्रोमो में भावनात्मक क्षणों, अप्रत्याशित खुलासों और रिश्तों की परीक्षा की झलक दिखाई गई है। निर्माताओं के अनुसार, भोजपुरी बवाल दर्शकों को कई भावुक और नाटकीय पल देखने का अवसर देगा।
यह शो 02 अगस्त से जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा।

